छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बंसल पंख मैराथन का आयोजन रविवार, 11 जनवरी 2026 को नवा रायपुर में भव्य रूप से किया गया। ठंड और कोहरे के बावजूद हजारों की संख्या में युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।
इस मैराथन का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा रहे। उन्होंने न सिर्फ धावकों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रतिभागियों का हौसला भी बढ़ाया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा, बंसल न्यूज के एडिटर-इन-चीफ शरद द्विवेदी, छत्तीसगढ़ स्टेट हेड आदित्य नामदेव और रायपुर एसएसपी लाल उम्मेद सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
खेल संस्कृति को नया आयाम
ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में अपार प्रतिभा है। ऐसे आयोजन उन्हें फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी प्रदेश में बड़े स्तर पर खेल आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा और इसके लिए पूरी बंसल टीम बधाई की पात्र है।
बंसल पंख मैराथन की रेस कैटेगरी
- 21.09 किलोमीटर (हाफ मैराथन) – सुबह 6:30 बजे
- 10 किलोमीटर रेस – सुबह 7:00 बजे
- 6 किलोमीटर रेस – सुबह 7:30 बजे
सबसे पहले 21 किमी की हाफ मैराथन को रणदीप हुड्डा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
मैराथन रूट पर वॉलंटियर्स, सुरक्षाकर्मी, वॉटर पॉइंट्स, एनर्जी ड्रिंक, रिफ्रेशमेंट जोन और मेडिकल सपोर्ट की व्यापक व्यवस्था रही। आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रही। ट्रैफिक मैनेजमेंट और पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।
विजेताओं को 3 लाख रुपये के पुरस्कार
तीनों कैटेगरी के विजेताओं को कुल 3 लाख रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में रणदीप हुड्डा, डिप्टी सीएम अरुण साव और गुरुचरण सिंह होरा ने विजेताओं को सम्मानित किया।
“छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया”
प्राइज सेरेमनी के बाद रणदीप हुड्डा ने कहा, “मुझे रायपुर आकर बहुत खुशी हुई। बंसल पंख मैराथन का धन्यवाद। डिप्टी सीएम अरुण साव और अन्य मंत्रियों के साथ मंच साझा कर अच्छा लगा। मैं जल्द फिर रायपुर आऊंगा, क्योंकि छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया हैं।”
जोश, मस्ती और फिटनेस का संगम
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त जोश देखने को मिला। कई धावक फिल्मी गानों पर थिरकते नजर आए, वहीं पुलिस जवानों ने भी डांस के साथ वार्मअप किया। सभी प्रतिभागियों ने आयोजन की जमकर सराहना करते हुए इसे फिटनेस और मनोरंजन का शानदार संगम बताया।